CM ग्रिड प्रोजेक्ट के लिए सड़क चौड़ीकरण की तैयारी,
बरेली : यूपी के बरेली शहर के कोहाड़ापीर से कुदेशिया और प्रेमनगर धर्मकांटा तक सड़क -फुटपाथ निर्माण को लेकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रशासन ने कार्रवाई से पहले स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर सहयोग मांगा।
अधिकारियों की बैठक, लोगों से मांगा सहयोग
सोमवार को मनोहर भूषण इंटर कॉलेज मैदान में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा और अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें स्थानीय पार्षदों, व्यापारियों और कब्जेदारों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं रखीं।
100 से ज्यादा अतिक्रमण चिन्हित, 50 को नोटिस
नगर निगम ने कोहाड़ापीर से कुदेशिया फाटक और सूद धर्मकांटा मार्ग तक 100 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित किए हैं। इनमें से 50 से ज्यादा कब्जेदारों को लिखित नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा गया है, जबकि अन्य को मौखिक चेतावनी दी गई है।
1920-21 के नक्शे से पैमाइश
अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई 1920 -21 के पुराने नगर निगम मानचित्र के आधार पर होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी हालत में निजी भूमि का एक इंच भी अधिग्रहित नहीं किया जाएगा।
व्यापारियों का विरोध, वर्षों पुराने कब्जों का हवाला
बैठक में कई व्यापारियों ने 30-40 साल से चल रहे अपने घर-दुकानों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि पहले सही तरीके से नाप -जोख कर स्थिति स्पष्ट की जाए।
सहमति से होगी नाप-जोख, फिर कार्रवाई
अधिकारियों ने लोगों की मांग मानते हुए भारत सेवा ट्रस्ट के पास दोबारा बैठक कर 2-3 स्थानों पर सर्वसम्मति से पैमाइश कराने का आश्वासन दिया।
कुदेशिया रोड पर आज फिर नोटिस
अधिशासी अभियंता राजीव राठी के मुताबिक, कुदेशिया रोड पर मंगलवार को 50 से अधिक छोटे -बड़े अतिक्रमण चिन्हित कर नोटिस जारी किए जाएंगे। कब्जेदारों से तुरंत अतिक्रमण हटाने की अपील की गई है।
सीबीगंज में भी बड़ी कार्रवाई, 300 कब्जे चिन्हित
सीबीगंज के इंटर कॉलेज रोड पर करीब 300 स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। नगर निगम ने यहां भी नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहरभर में हड़कंप, सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर नजर
लगातार नोटिस और कार्रवाई से शहर में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा है। प्रशासन ने साफ किया है कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
