वाराणसी : वाराणसी से इस वक्त एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा पुल के पास स्थित एक गली में मंगलवार सुबह अचानक गैस सिलिंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे एक मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इस हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के समय अचानक एक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। जब लोगों ने घटनास्थल की ओर देखा तो पाया कि एक मकान मलबे में तब्दील हो चुका है। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर उस वक्त कई लोग मौजूद थे, जो ब्लास्ट के बाद मलबे में दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन को भी सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गईं और दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की गई।
रेस्क्यू के दौरान चार लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रीति (27) और ओम कुमार चौधरी (30) को मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, अमन चौधरी (31) और बुजुर्ग महिला गिरजा देवी (60) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा गैस सिलिंडर में रिसाव के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि गिरजा देवी अपने बच्चों के साथ एक जर्जर मकान में रहती थीं। मंगलवार सुबह वह खाना बना रही थीं, उसी दौरान गैस का रिसाव हुआ और अचानक सिलिंडर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान भरभराकर गिर गया और उसमें मौजूद सभी लोग मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। एडीसीपी वरुणा नीतू कात्यायन और एडीएम आलोक वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो विस्फोट के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान पहले से ही जर्जर हालत में था, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। वहीं, प्रशासन अब इलाके के अन्य पुराने और कमजोर मकानों की भी जांच कराने की बात कर रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल, पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं इसमें किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई। वहीं, मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात भी प्रशासन द्वारा कही जा रही है।
