बरेली : रमज़ान के आखिरी दौर में ईद-उल-फितर को लेकर तैयारियां अपने चरम पर हैं। दरगाह आला हज़रत और ताजुश्शरिया से मुताबिक 19 मार्च (जुमेरात) को चांद देखने का एहतिमाम किया जाएगा। अगर, चांद नजर आता है या शरई गवाही मिलती है, तो 20 मार्च (जुमा) को ईद मनाई जाएगी, अन्यथा 21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने मीडिया को बताया कि चांद के दीदार को लेकर सभी इंतजाम पूरे हैं, और लोगों से भी आसमान पर नजर रखने की अपील की गई है।वहीं, काजी-ए-हिंदुस्तान एवं जानशीन-ए-ताजुश्शरिया मुफ्ती असजद रज़ा क़ादरी की सरपरस्ती में उलेमा की टीम गठित की गई है, जो चांद के दीदार और शरई गवाही की निगरानी करेगी।
कई जिलों में नुमाइंदे तैनात, रूयते हिलाल कमेटी एक्टिव
चांद की तस्दीक के लिए बरेली के साथ-साथ रामपुर, बदायूं,पीलीभीत, शाहजहांपुर, हल्द्वानी और मुरादाबाद में नुमाइंदे नियुक्त किए गए हैं। जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ने अवाम से अपील की है कि चांद दिखने पर तुरंत मरकज़ी दारुल इफ्ता को सूचना दें, ताकि समय पर आधिकारिक ऐलान किया जा सके। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर भ् जारी किए गए हैं। कोई भी चांद देखने की सूचना फरमान मियां के मोबाइल नंबर-7351172555, मुफ्ती नश्तर फारूकी के 9870669448, सैयद अज़ीमउद्दीन के 9808800888 ऑ कारी काज़िम के 70174 36062 पर फोन कर सकते हैं
ईदगाह में सुबह 10:30 बजे होगी मुख्य नमाज़
ईद के मौके पर शहर की ईदगाह समेत सभी प्रमुख मस्जिदों, दरगाहों और खानकाहों में नमाज़ के समय तय कर दिए गए हैं। मुख्य नमाज़ बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 10:30 बजे अदा की जाएगी। सबसे पहले नमाज़ सुबह 6:40 बजे चांद मस्जिद (दरगाह वली मियां) और मदीना मस्जिद में होगी, जबकि सबसे आखिर में दरगाह आला हज़रत की रज़ा मस्जिद में 11:00 बजे नमाज़ अदा की जाएगी।
शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज का तय
7:00 बजे, चौकी चौराहा, शहामतगंज मस्जिद में, 7:30 बजे से शाह शराफ़त अली मियां दरगाह, अबू बक्र मस्जिद, 8:00 बजे साबरी मस्जिद, जन्नतुल फिरदौस मस्जिद समेत कई स्थान, 8:30 बजे गरीब नवाज़ मस्जिद, गार्डन सिटी मस्जिद सहित अन्य, 9:00 बजे नूरी मस्जिद,सुनहरी मस्जिद, हबीबिया रजविया मस्जिद, 9:30 बजे जामा मस्जिद, खानकाह ए नियाज़िया, 10:00 बजे बीबी जी मस्जिद, 10:30 बजे ईदगाह (मुख्य नमाज़) 11:00 बजे रज़ा मस्जिद ईद की नमाज होगी।
तैयारियां पूरी, प्रशासन से बेहतर व्यवस्था की मांग
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी के अनुसार, सभी मस्जिदों और ईदगाहों में साफ-सफाई, सुरक्षा और नमाज़ियों की सुविधाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उलेमा ने प्रशासन से ईद के दौरान बिजली, पानी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की है।
चांद के दीदार पर टिकी नजर, बाजारों में बढ़ी रौनक
शहर के बाजारों में ईद की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है। अब हर किसी की निगाहें चांद के दीदार पर टिकी हैं। जैसे ही चांद का ऐलान होगा, पूरे शहर में ईद की खुशियां शुरू हो जाएंगी।
