बरेली: भोजीपुरा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ अभद्रता और विरोध करने पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया और कार्रवाई करते हुए आरोपी बन्टू गिहार को इटोआ गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
प्रेमनगर में अवैध संबंध के शक में हमला
वहीं प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां विनीत पाल नाम के युवक ने अपने ही मोहल्ले के एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी को शक था कि उसकी भाभी के उस व्यक्ति से अवैध संबंध हैं। इसी शक और गुस्से में आकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
प्रेमनगर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी विनीत पाल को लोको कॉलोनी कुदेशिया फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक चाकू के साथ-साथ अवैध 12 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया है।
दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस के मुताबिक, दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
