पीलीभीत/बरेली : यूपी के पीलीभीत में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। दियोरिया कलां क्षेत्र के वीर सिंहपुर मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने श्रद्धालुओं से भरे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें किशोर समेत 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार, थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव बबूरा से 9 श्रद्धालु ई-रिक्शा में सवार होकर इलाहाबांस के देवी मेले में जा रहे थे।रास्ते में हंसी-खुशी का माहौल था, लेकिन वीर सिंहपुर मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। इस पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
किशोर और बुजुर्ग महिला की मौत
इस हादसे में राहुल (15 वर्ष) पुत्र श्रीपाल, जसोदा (60 वर्ष) पत्नी राममूर्ति की मौत हो गई। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक मासूम और एक बुजुर्ग की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे में 7 श्रद्धालु घायल हैं। इसमें घायल अमन (12 वर्ष), राजेश्वरी देवी (30 वर्ष), सुधा (10 वर्ष), शोभा (4 वर्ष), काजल (15 वर्ष), मुनेंद्र (5 वर्ष), अन्नपूर्णा (40 वर्ष), शामिल हैं। सभी को पहले सीएचसी ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों की हालत गंभीर
डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जाता है कि तेज रफ्तार हादसे की वजह बनी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की वजह तेज रफ्तार कार मानी जा रही है। आरोपी चालक की तलाश जारी है
गांव में पसरा मातम
जैसे ही हादसे की खबर गांव बबूरा पहुंची। इसके बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। जिन घरों से लोग मेले के लिए निकले थे, वहां अब सन्नाटा है
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है
