सपा कार्यालय में भगवान बुद्ध जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित, करुणा और अहिंसा का दिया संदेश
बरेली : भगवान बुद्ध की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेशव्यापी निर्देशों के तहत बरेली सपा कार्यालय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने की, जबकि संचालन महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बुद्ध के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बुद्ध विचारधारा में विश्वास रखने वाले नागरिक उपस्थित रहे।
“बुद्ध का जीवन मानवता के लिए अमूल्य धरोहर”: शिवचरन कश्यप

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने कहा, “भगवान बुद्ध का जीवन और उनकी शिक्षाएं आज के समाज के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने मानवता को करुणा, शांति और आत्म- जागरण का मार्ग दिखाया।”उन्होंने भगवान बुद्ध के जीवनवृत्त पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सिद्धार्थ गौतम का जन्म 563 ईसा पूर्व लुंबिनी (नेपाल) में हुआ था। उनका जीवन राजसी वैभव में बीता लेकिन संसारिक दुखों को देखकर उन्होंने 29 वर्ष की आयु में सत्य की खोज के लिए गृह त्याग कर दिया। शिवचरन कश्यप ने आगे कहा कि बुद्ध की शिक्षाएं आज के सामाजिक और राजनीतिक तनावों के बीच सामंजस्य और सह-अस्तित्व का रास्ता सुझाती हैं।
“बुद्ध का मध्यम मार्ग आज के युग में अधिक प्रासंगिक”: शमीम खाँ सुल्तानी

महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने विचार गोष्ठी में कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं आत्म-जागरूकता, नैतिकता और शांति की ओर प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि “आज के अशांत और तनावपूर्ण विश्व में करुणा, अहिंसा और मध्यम मार्ग की बुद्ध की सीख पहले से कहीं अधिक आवश्यक है।”उन्होंने यह भी कहा कि बुद्ध की पांच प्रमुख शिक्षाएं — अहिंसा, सत्यवादिता, चोरी न करना, नशे से दूरी और संयम, व्यक्ति को नैतिक जीवन की ओर ले जाती हैं।
गोष्ठी में प्रमुख सपाइयों की उपस्थिति

विचार गोष्ठी में समाजवादी पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसमें महानगर उपाध्यक्ष शेर सिंह गंगवार,ज़िला उपाध्यक्ष रविन्द्र यादव, महानगर उपाध्यक्ष राजेश मौर्य, बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सोनकर, राष्ट्रीय महासचिव रणवीर सिंह जाटव, महानगर सचिव हरिओम प्रजापति, बाबर अली उर्फ डॉक्टर चाँद, जितेंद्र मुंडे, अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष असलम खान, महानगर अध्यक्ष मोहसिन खान, महिला सभा जिलाध्यक्ष स्मिता यादव, बाबा साहब वाहिनी महानगर अध्यक्ष अमित गिहार, संदीप मौर्या, संजीव कश्यप, सम्राट अनुज मौर्या, राम सेवक प्रजापति, राजेश्वरी यादव, वरुण गिहार, रेहान अंसारी, नाजिम कुरैशी, मजदूर सभा के महानगर अशफ़ाक़ चौधरी, अमर राठौर आदि मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने यह संकल्प लिया कि वे भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को आम जनमानस तक पहुंचाएंगे और समाज में शांति, सद्भाव और समानता की स्थापना के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
