जिला अस्पताल में भर्ती, प्रदूषण विभाग ने शुरू की जांच
लखनऊ/मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बुढ़ाना मोड़ स्थित एक फर्टिलाइजर फैक्टरी से जहरीली गैस का रिसाव हो गया। इस गैस रिसाव की चपेट में आने से चार महिलाएं और तीन बच्चे गंभीर रूप से प्रभावित हो गए। सभी को तत्काल जिला अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में भर्ती कराया गया।
गैस की चपेट में महिलाओं और बच्चों की बिगड़ी हालत
स्थानीय लोगों के अनुसार शाम के समय फैक्टरी से अचानक तीव्र गंध और गैस का रिसाव शुरू हुआ। पास ही स्थित खांजापुर और आस-पास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों ने सांस लेने में तकलीफ और चक्कर आने की शिकायत की। स्थिति को गंभीर समझते हुए एंबुलेंस बुलवाई गई, और शकुंतला, मेगकला, नेहा, मचला सहित तीन बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।
डॉक्टर बोले, सभी की हालत अब सामान्य
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. बाबूराम ने मीडिया को जानकारी दी कि पीड़ितों को समय रहते उपचार मिल गया है। फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है, और ऑक्सीजन स्तर सामान्य है। एक महिला को एहतियातन ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था, अब उसकी भी हालत सामान्य बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों में फैली दहशत
घटना के बाद बुढ़ाना मोड़ और आस-पास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। फैक्टरी के आसपास सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने की जांच शुरू
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही प्रदूषण नियंत्रण विभाग की तीन सदस्यीय टीम, अवर अभियंता राजा गुप्ता के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने फैक्टरी परिसर में सैंपलिंग और तकनीकी जांच शुरू की है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी ने बताया कि फैक्टरी में वास्तव में गैस रिसाव हुआ या नहीं, इसके लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं, जिला प्रशासन के निर्देश पर कारखाना विभाग की टीम भी जांच में जुट गई है।
