फ्यूचर यूनिवर्सिटी में हुआ टूर्नामेंट का उद्घघाटन, उत्कर्ष और एस. पाठक बने मैन ऑफ द मैच
बरेली : यूपी के बरेली में रविवार को फ्यूचर यूनिवर्सिटी और एक्सप्लोर ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एजुकेटर्स प्रीमियर लीग का रंगारंग आगाज़ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच फ्यूचर यूनिवर्सिटी परिसर में खेला गया। इसमें दो मुकाबलों के रोमांचक नतीजे सामने आए। इस लीग का उद्देश्य शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और संस्थानों से जुड़े लोगों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना और टीम भावना को मजबूत करना है।
पहला मुकाबला एक्सप्लोर इलेवन बनाम रॉयल चालक ब्लास्टर्स के बीच
पहले स्लॉट में खेले गए उद्घाटन मैच में एक्सप्लोर इलेवन और रॉयल चालक ब्लास्टर्स (आरसीबी) आमने- सामने थे। एक्सप्लोर इलेवन के कप्तान आशीष च्यवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर 190 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में आरसीबी की टीम 171 रन ही बना सकी और इस तरह एक्सप्लोर इलेवन ने 19 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में उत्कर्ष ने केवल 23 गेंदों में ताबड़तोड़ 79 रन ठोककर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा और उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
दूसरे मुकाबले में रोअरिंग राइडर्स ने दर्ज की जीत
इस दौरान दूसरे स्लॉट में मुकाबला रॉयल टाइटंस और बरेली रोअरिंग राइडर्स के बीच खेला गया। इस मैच में रोचक मोड़ देखने को मिला, जहां बरेली रोअरिंग राइडर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया। टीम की जीत में एस. पाठक ने अहम भूमिका निभाई और उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब मिला। इस खेल आयोजन में फ्यूचर यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से एमके सिंह और तंजीर आलम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और ऐसे आयोजनों को शिक्षा और खेल के समन्वय का बेहतरीन उदाहरण बताया।
