सपा प्रमुख ने देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान बुद्ध के सिद्धांतों को आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक बताया है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध ने विश्व को जो करुणा, अहिंसा और प्रेम का मार्ग दिखाया था, तो वहीं मार्ग आज की अशांत और संघर्षपूर्ण दुनिया को शांति और सौहार्द की दिशा में ले जा सकता है। अखिलेश यादव ने रविवार को एक संदेश में कहा कि “बुद्ध पूर्णिमा का दिन इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दिन गौतम बुद्ध का जन्म हुआ इसी दिन उन्हें बोधगया में ज्ञान की प्राप्ति हुई और इसी दिन उन्होंने महापरिनिर्वाण प्राप्त किया। यह त्रिविध संयोग बुद्ध पूर्णिमा को विशेष बनाता है।”
बुद्ध के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती असहिष्णुता, हिंसा और अन्याय के बीच भगवान बुद्ध का जीवन हमें सच्चा मार्ग दिखाता है। उनके विचारों और शिक्षाओं को अपनाकर ही हम समरसता, सामाजिक न्याय और सामूहिक उत्थान की ओर बढ़ सकते हैं।
समाजवादी विचारधारा में समाहित हैं बुद्ध के सिद्धांत
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि समाजवादी विचारधारा का मूल भी बुद्ध के विचारों से मेल खाता है। यह गरीब, शोषित, वंचित और वंचित समाज के उत्थान की बात करता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय और समता के सिद्धांतों के साथ काम करती रही है और भगवान बुद्ध की शिक्षाएं हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं।
देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना
अपने संदेश के अंत में उन्होंने देश और प्रदेश की जनता के सुख, समृद्धि और सौहार्दपूर्ण जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भगवान बुद्ध के सिद्धांतों पर चलकर ही समाज में शांति और विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
