बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी के मोहल्ला आज़ाद नगर में सोमवार को एक ऐसी घटना सामने आई। जिसने खुशी के माहौल को पलभर में मातम में बदल दिया। बेटी की शादी के लिए घर में जश्न का माहौल था, लेकिन जैसे ही बारात दरवाजे पर पहुंची, दुल्हन की मां की अचानक तबीयत बिगड़ गई और थोड़ी ही देर में उनका निधन हो गया। इस दर्दनाक घटना के बावजूद परिजनों ने भारी मन से बेटी की शादी की रस्में पूरी कराईं। एक ही घर में खुशी और गम का यह अनोखा संगम देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
600 किलोमीटर दूर से आई थी बारात
जानकारी के अनुसार मोहल्ला आज़ाद नगर निवासी प्रवीण कुमार सक्सेना की बेटी श्रद्धा का विवाह महराजगंज (गोरखपुर) निवासी प्रिकेश सक्सेना के साथ तय था।सोमवार को शादी का कार्यक्रम था, और दूर-दराज से रिश्तेदार व मेहमान भी घर पहुंचे हुए थे। दोपहर में जैसे ही बारात दरवाजे पर पहुंची और स्वागत की तैयारियां शुरू हुईं।उसी दौरान दुल्हन की मां रजनी सक्सेना की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
अचानक बिगड़ी तबीयत, थोड़ी देर में हो गया निधन
परिजनों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। यह खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ ही देर पहले शादी की खुशियां और बधाइयां गूंज रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। कुछ समय तक किसी को समझ नहीं आया कि ऐसी स्थिति में क्या किया जाए, क्योंकि बारात करीब 600 किलोमीटर दूर से आई थी और सैकड़ों मेहमान मौके पर मौजूद थे।भारी मन से पूरी कराई गई शादी काफी सोच-विचार और रिश्तेदारों से सलाह के बाद परिवार ने फैसला लिया कि बेटी की शादी की रस्में पूरी कराई जाएं। मां के शव को घर में ही रखा गया और परिजनों ने दिल पर पत्थर रखकर शादी की बाकी रस्में पूरी कराईं। माहौल इतना भावुक था कि शादी में मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
विदाई के बाद होगा अंतिम संस्कार
बताया जा रहा है कि बारात की विदाई के बाद दुल्हन की मां रजनी सक्सेना का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लोगों का कहना है कि एक ही घर में खुशी और गम का ऐसा दृश्य बहुत कम देखने को मिलता है।
