लखनऊ : राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घर में घुसकर एक दिव्यांग मां और उसके दृष्टिहीन बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी गांव की है। यहां रहने वाली 45 वर्षीय रेशमा बानो अपने 18 वर्षीय बेटे शादाब के साथ रहती थीं। रेशमा एक आंख से दिव्यांग थीं और घर के बाहर एक छोटी गुमटी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। वहीं उनका बेटा शादाब दोनों आंखों से दृष्टिहीन था। बताया जा रहा है कि कोरोना महामारी के दौरान रेशमा के दूसरे पति इकबाल की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से वह अपने पति के मकान में बेटे के साथ रह रही थीं।
सोमवार शाम करीब छह बजे रेशमा के बहनोई शब्बू ने उनसे फोन पर बात की। बातचीत के दौरान उन्हें शक हुआ कि किसी ने रेशमा का फोन छीन लिया है। इसके बाद उन्होंने तुरंत रेशमा के रिश्तेदार सलमान को फोन कर घर जाकर हाल जानने को कहा। जब सलमान अपने भाई फरहान के साथ रेशमा के घर पहुंचे तो घर के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी हुई थी। अंदर जाकर उन्होंने देखा कि घर के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। रेशमा बानो का शव चारपाई के नीचे पड़ा हुआ था और उसका कुछ हिस्सा कंबल से ढका हुआ था। वहीं पास में उनके बेटे शादाब का शव भी मिला, जिसका सिर पानी से भरे टब में डूबा हुआ था।
दोनों के कपड़े फटे हुए थे, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले काफी संघर्ष हुआ होगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शादाब को पानी से भरे टब में डुबोकर मारा गया, जबकि रेशमा बानो की गला घोंटकर हत्या की गई हो सकती है।
पुलिस अब इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद और मृतका के करीबियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पड़ोसियों के अनुसार, रेशमा से मिलने एक व्यक्ति अक्सर उनके घर आता-जाता था। पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान और उसके रेशमा से संबंधों की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
