बरेली : उत्तर रेलवे (एनआर) की बरेली-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को कासगंज तक बढ़ाने को लेकर चल रही चर्चाओं पर रेलवे बोर्ड ने स्थिति साफ कर दी है। बोर्ड के संयुक्त निदेशक विवेक कुमार सिन्हा ने कहा है कि इस ट्रेन के विस्तार का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। दरअसल, पिछले कुछ समय से यह दावा किया जा रहा था कि बरेली-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को बरेली-दिल्ली के बीच चलने के साथ-साथ बदायूं होते हुए कासगंज तक बढ़ाया जाएगा। जिससे इन जिलों के लोगों को दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा मिल सकेगी।
राइट टू इन्फॉरमेशन एक्ट से मिली सूचना
इसी संबंध में 6 फरवरी को हिमांशु नाम के व्यक्ति ने राइट टू इन्फॉरमेशन एक्ट के तहत रेलवे बोर्ड से जानकारी मांगी थी। उन्होंने विभिन्न मीडिया और सोशल मीडिया में चल रही खबरों का हवाला देते हुए पूछा था कि ट्रेन को कासगंज तक विस्तार कब से मिलेगा। इस पर 6 मार्च को दिए गए जवाब में रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक विवेक कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि इस ट्रेन को कासगंज तक बढ़ाने का कोई प्रस्ताव फिलहाल उनके कार्यालय में विचाराधीन नहीं है।
रेलवे बोर्ड तक नहीं पहुंचा प्रस्ताव
हालांकि, नॉर्दन रेलवे की रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति,मुरादाबाद मंडल के सदस्य शरद प्रताप सिंह का कहना है कि किसी भी ट्रेन के विस्तार के लिए कई तकनीकी और परिचालन संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करनी होती हैं। संभव है कि प्रस्ताव अभी रेलवे बोर्ड तक न पहुंचा हो, और मंडल या जोन स्तर पर इस पर काम चल रहा हो।फिलहाल रेलवे बोर्ड के स्पष्टीकरण के बाद कासगंज और बदायूं के यात्रियों को दिल्ली के लिए सीधी इंटरसिटी सेवा का इंतजार करना पड़ेगा।
