बरेली : यूपी के बरेली-शाहजहांपुर रोड स्थित नकटिया पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ और जबरन कार में बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। एक निजी फैक्ट्री में काम करने वाली युवती ने एक युवक और उसके साथियों पर पीछा करने,अभद्र टिप्पणियां करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जिसके चलते पुलिस ने हाफिजगंज थाना क्षेत्र के लभेड़ा गांव निवासी आमिर, अय्यान, और उसके दो साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74,78,115(2), 352,351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
फैक्ट्री से आते-जाते करता था पीछा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह नकटिया स्थित एक फैक्ट्री में काम करती हैं। उसी फैक्ट्री में काम करने वाला आमिर काफी समय से उसका पीछा कर रहा था और रास्ते में आते-जाते गंदी टिप्पणियां करता था। युवती के अनुसार उसने कई बार इस हरकत का विरोध किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
खुद को पुलिसकर्मी बताकर बुलाया बाहर
पीड़िता के मुताबिक 7 मार्च को दोपहर करीब दो बजे वह अपने कमरे में थीं। इसी दौरान आमिर के साथी अय्यान का फोन आया।अय्यान ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि वह घर के बाहर आकर उससे बात करें, जब युवती घर के बाहर पहुंची, तो वहां आमिर,अय्यान और उनके दो अन्य साथी एक कार में मौजूद थे।
जबरन कार में बैठाने की कोशिश
आरोप है कि चारों युवक युवती को जबरदस्ती कार में बैठाने लगे, जब उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान युवती के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़िता ने थाना कैंट पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
