बरेली : यूपी के बरेली शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात एक सहायक अध्यापिका ने अपने पार्षद पति पर दहेज की मांग, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। जिसके चलते पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अपराधी संख्या 0169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 85,115(2), 352, 351(1),और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 3 और 4 में मुकदमा दर्ज हुआ है।
2023 में हुई थी दोनों की शादी
पीड़िता पार्वती देवी, निवासी ग्राम दुनकी, पोस्ट धनेली थाना शाही, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी शादी 26 जून 2023 को नगरिया परीक्षित वार्ड-51 निवासी महेश राजपूत पुत्र शोभाराम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पार्वती देवी के अनुसार वह बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके पति महेश राजपूत वार्ड-51 से वर्तमान में पार्षद हैं।
शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप


पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनके पति का व्यवहार बदल गया और छोटी-छोटी घरेलू बातों को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। उन्होंने बताया कि उनके पति शादी में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने दहेज की मांग पूरी करने से इनकार किया, तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाने लगी।
बीमार होने पर भी की मारपीट का आरोप
पार्वती देवी के मुताबिक 5 मार्च, 2026 की शाम उनकी तबीयत खराब थी। इसी दौरान उनके पति ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता का कहना है कि इस मारपीट में उनके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं।
सीसीटीवी फुटेज जांच की मांग
पीड़िता ने पुलिस से अपना मेडिकल परीक्षण कराने और ससुराल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पहले भी हुई मारपीट के मामले में एक बार समझौता हुआ था, जिसकी प्रति उनके पास मौजूद है।
