नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। पार्टी ने नौ सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में बिहार से सबसे अहम नाम सामने आया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बिहार से राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसके साथ ही उनका संसद पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।
नितिन नवीन फिलहाल बिहार विधानसभा के सदस्य हैं और पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में वे विधानसभा के बजट सत्र में भी शामिल हुए थे। इससे पहले वे बिहार की नीतीश कुमार सरकार में मंत्री रह चुके हैं, लेकिन पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने के एक दिन बाद ही उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। राजनीतिक जानकार इसे पार्टी में उनके बढ़ते कद और राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका की तैयारी के रूप में देख रहे हैं।
भाजपा ने बिहार से नितिन नवीन के साथ शिवेश कुमार को भी राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के पास मौजूद संख्या बल के आधार पर दोनों नेताओं का निर्विरोध या आसानी से चुना जाना तय माना जा रहा है। इस फैसले के जरिए भाजपा बिहार में संगठन और संसदीय संतुलन दोनों को साधने की कोशिश कर रही है।

मंगलवार को जारी इस पहली सूची में बिहार के अलावा अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के नाम भी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल से पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव सिन्हा को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया गया है। असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को मौका दिया गया है। हरियाणा से संजय भाटिया और ओडिशा से मनमोहन सामल व सुजीत कुमार के नाम भी सूची में शामिल हैं। इन नामों के जरिए भाजपा ने अलग-अलग राज्यों में अपने राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने का संकेत दिया है।
नितिन नवीन के राजनीतिक सफर की बात करें तो पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के समय वे अचानक राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे। तब तक उनकी पहचान मुख्य रूप से बिहार की राजनीति तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन बीते कुछ समय में वे लगातार अपना कद बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व—नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह के साथ उनकी सक्रियता और उपस्थिति यह संकेत देती है कि पार्टी उन्हें भविष्य की राष्ट्रीय राजनीति के एक महत्वपूर्ण चेहरे के तौर पर आगे बढ़ा रही है।
