बरेली : भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती रैली 11 मार्च से 23 मार्च 2026 तक जाट रेजिमेंट सेंटर परिसर में आयोजित की जाएगी। भर्ती को लेकर जिला प्रशासन और सेना ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भर्ती व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जाट रेजीमेंट केंद्र के सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें अपर जिलाधिकारी नगर (एडीएम सिटी) सौरभ दुबे, सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक, पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम सहित प्रशासन और सेना के अधिकारी मौजूद रहे।अधिकारियों ने भर्ती स्थल का निरीक्षण कर सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
12 जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल
भर्ती रैली में बरेली समेत बहराईच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं सहित कुल 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाएगी। भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात सुचारु रखने के लिए परिवहन विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम तैयार रखने और नगर निगम को स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भर्ती पूरी तरह पारदर्शी होगी
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएगी।अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने, एडमिट कार्ड साथ लाने और किसी भी प्रकार के दलालों व अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है। यदि किसी अभ्यर्थी को पंजीकृत ई-मेल आईडी से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में समस्या हो रही है, तो वह सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच सेना भर्ती कार्यालय, बरेली में संपर्क कर सकता है।

यह है भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम
11 मार्च को अग्निवीर (टेक्निकल), सभी 12 जिलों के लिए 12 मार्च को अग्निवीर (ट्रेड्समेन 8वीं/10वीं) एवं अग्निवीर (क्लर्क/SKT), सभी जिलों के लिए, 13 मार्च को जनरल ड्यूटी, बहराईच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, 14 मार्च को जनरल ड्यूटी शाहजहांपुर, सीतापुर, 15 मार्च को जनरल ड्यूटी संभल, पीलीभीत, 16 मार्च को जनरल ड्यूटी, हरदोई, 17 मार्च को जनरल ड्यूटी फर्रुखाबाद, 18 मार्च को जनरल ड्यूटी, बदायूं,19 मार्च को जनरल ड्यूटी बरेली, प्रशासन और सेना अधिकारियों ने कहा कि भर्ती को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली हैं।
