लखनऊ /रामपुर : भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच रामपुर पुलिस का एक मामला सुर्खियों में आ गया है। यहां पुलिस विभाग में तैनात हेड कांस्टेबल चमन सिंह ने अपने जोश और देशभक्ति की अनोखी मिसाल पेश कर डीजीपी को पत्र लिखकर युद्ध में भाग लेने की अनुमति मांगी है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर बताया कि वह देश की सेवा करना चाहते हैं और सीमा पर जाकर दुश्मनों से लोहा लेने को तैयार हैं। चमन सिंह का यह वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके कुछ ही घंटों बाद उनका तबादला लखीमपुर खीरी कर दिया गया। हालांकि, एसपी रामपुर, विद्या सागर मिश्र ने मीडिया को बताया कि चमन सिंह के तबादले की प्रक्रिया पहले से ही चल रही थी और तबादला आदेश उसी दिन जारी हुआ था।
वीडियो में कही दिल छू लेने वाली बातें
हेड कांस्टेबल चमन सिंह ने वीडियो में कहा, “मैं देश की सेवा के लिए अपनी मर्जी से युद्ध में शामिल होना चाहता हूं। एयर स्ट्राइक बिल्कुल सही समय पर हुई है और यह आतंकियों को करारा जवाब देने का समय है। मैं SLR, इंसास और AK-47 जैसे हथियारों को चलाने में सक्षम हूं। कृपया मुझे अनुमति दी जाए कि मैं सीमा पर जाकर देश के लिए लड़ सकूं।”उन्होंने यह भी कहा कि वह सरकार के निर्णय से पूरी तरह सहमत हैं और देश की रक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
यह वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कई लोगों ने चमन सिंह के तबादले पर सवाल उठाए। कुछ का कहना है कि ऐसे जोशीले और देशभक्त जवान को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए था, जबकि पुलिस विभाग का कहना है कि यह सिर्फ एक संयोग है और तबादला प्रक्रिया पहले से ही तय थी। रामपुर के पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि”चमन सिंह के तबादले की प्रक्रिया पहले से चल रही थी और तबादला आदेश आज ही प्राप्त हुआ है। उनका वीडियो वायरल होने और तबादले के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्हें नियमानुसार रिलीव किया जा रहा है।”
