बरेली : शहर में राहगीरों से झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार रात रामपुर रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी की पत्नी को निशाना बनाते हुए चलते वाहन से पर्स झपट लिया और फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
भीड़भाड़ वाले रास्ते पर वारदात
जानकारी के अनुसार, सीबीगंज थाना क्षेत्र की वेस्ट एंड कॉलोनी निवासी सुखबीर सिंह रोज की तरह कोतवाली क्षेत्र स्थित अपनी दुकान बंद कर रात करीब नौ बजे पत्नी परविंदर कौर के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। मिनी बाईपास से फल खरीदने के बाद जैसे ही वे खंडेलवाल हीरो एजेंसी के पास पहुंचे, पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने महिला के हाथ से हैंडबैग झपट लिया। जब तक दंपति कुछ समझ पाते, आरोपी सीबीगंज की ओर फरार हो चुके थे।
बैग में था मोबाइल, नकदी और दस्तावेज
पीड़ित के मुताबिक, छीने गए बैग में वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, करीब पांच हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज रखे थे। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में अंजाम दी गई। आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों का पीछा करने के बजाय पीड़ित को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी, जिससे परिवार में नाराजगी है।
CCTV कैमरे बंद, जांच पर उठे सवाल
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हालांकि, मिनी बाईपास चौराहे पर लगे कैमरे खराब बताए जा रहे हैं। जिससे जांच प्रभावित हो सकती है। लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं ने रामपुर रोड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सक्रिय निगरानी की मांग की है।फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
