फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ पर तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
निमंत्रण से लौट रहे थे युवक, हेलमेट न पहनना पड़ा भारी
पुलिस के अनुसार, दोनों बाइकों पर सवार युवक किसी शादी या पारिवारिक निमंत्रण से लौट रहे थे। पहली बाइक पर ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव के रहने वाले आकाश यादव (25), सौरभ द्विवेदी (28) और उमेश पाल सवार थे। वहीं दूसरी बाइक पर गजराज पाल उर्फ पिंटू (35), निवासी दुगरई गांव, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र, अकेले जा रहे थे। हादसे में आकाश यादव, सौरभ द्विवेदी और गजराज पाल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जान चली गई। घायल उमेश पाल की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
अस्पताल और पुलिस की कार्रवाई, जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सीएचसी गाजीपुर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल उमेश पाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बहुआ चौकी प्रभारी अंबरीश मिश्रा ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
