बरेली: सुभाष नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रगति नगर कॉलोनी में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। छत पर किसी के चलने की आहट सुनकर ऊपर गए एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जोगेंद्र के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
आहट सुनकर छत पर गए थे जोगेंद्र
परिजनों के मुताबिक, देर रात घर की छत से संदिग्ध आहट सुनाई दी। स्थिति का पता लगाने के लिए जोगेंद्र छत की ओर गए। इसी दौरान पहले से मौजूद अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही जोगेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
गोली लगते ही मची अफरा-तफरी
फायरिंग की आवाज सुनते ही घर में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। जोगेंद्र को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। THE JUSTICE HINDI को सुभाषनगर इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
