बरेली : शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को थाना बारादरी क्षेत्र के शहमतगंज रोड स्थित इसाइयों की पुलिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 32 वर्षीय युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की पहचान में जुटी है।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मिली जानकारी के अनुसार, शहर के कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया निवासी।राजवीर सिंह की 32 वर्षीय बेटी मीना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे स्कूटी से शहर की ओर जा रही थीं।वह नकटिया से फ्लाईओवर पार कर इसाइयों की पुलिया की तरफ बढ़ रही थीं। इसी दौरान शहर की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मीना सड़क पर गिर पड़ीं और वाहन उन्हें रौंदता हुआ आगे निकल गया।
वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही सेटेलाइट चौराहा चौकी प्रभारी विनय बहादुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में घायल मीना को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन की पहचान होते ही चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शव पोस्टमार्टम को भेजा, परिवार में चीख -पुकार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इसाइयों की पुलिया और फ्लाईओवर क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है। सुबह और शाम के समय यहां तेज गति से गुजरने वाले ट्रक और डंपर अक्सर हादसों की वजह बनते हैं।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया और फ्लाईओवर पर स्पीड कंट्रोल के ठोस इंतजाम किए जाएं।
