लखनऊ/बरेली : देश के कई हिस्सों के साथ राजधानी लखनऊ में रमजान का चांद नजर आने के बाद रोज़ों की शुरुआत का ऐलान कर दिया गया है। मरकजी चांद कमेटी फ़रंगी महली के सदर एवं शाही इमाम लखनऊ मौलाना खालिद रशीद फ़रंगी महली ने चांद दिखने की पुष्टि करते हुए घोषणा की कि कल से रमजान का पहला रोज़ा रखा जाएगा। चांद की तस्दीक होते ही लखनऊ की मस्जिदों में तरावीह की तैयारियां तेज हो गईं और लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी। प्रशासन ने भी अमन-चैन और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। इसके साथ ही बिहार, छत्तीसगढ़, और देश के कई अन्य राज्यों में चांद का ऐलान हो गया है। मगर, बरेली में बादलों के कारण चांद साफ तौर पर नजर नहीं आया। यहां सुन्नी मरकज की ओर से अन्य स्थानों से शहादत (गवाही) मिलने का इंतजार किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर चांद दिखने की पुष्टि होते ही आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। हालांकि, यहां चांद देखने का खास इंतजाम किया गया था।

इबादत का महीना रमजान
रमजान का महीना इबादत, रोज़ा, तरावीह और जरूरतमंदों की मदद का प्रतीक माना जाता है। चांद की पुष्टि के साथ ही देशभर में पाक महीने की रौनक शुरू हो गई है।
