बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिमरा अजूबा बेगम में अवैध कॉलोनी के खिलाफ बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की है।प्राधिकरण से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक नीतू पटेल ने करीब 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना स्वीकृत मानचित्र के भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल आदि का निर्माण कराया जा रहा था।
बिना अनुमति के निर्माण
यह विकास कार्य प्राधिकरण की अनुमति के बिना किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध पाया गया। उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर सहायक अभियंता विनोद कुमार, अवर अभियंता सीताराम और प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
बीडीए ने यह दी हिदायत
बीडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग अवैध है,और उस पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि भवन या भूखंड खरीदने से पहले मानचित्र स्वीकृति की पुष्टि अवश्य कर लें, अन्यथा अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई को अवैध कॉलोनियों पर सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है और आगे भी ऐसे अभियानों के जारी रहने की संभावना जताई गई है।
