ढाका : मंगलवार को भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में एक अहम कूटनीतिक पल देखने को मिला, जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ढाका में नई बांग्लादेश सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया और इसके बाद नव-नियुक्त प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। उन्होंने लिखा कि नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर उन्हें प्रसन्नता हुई और भारत हमेशा बांग्लादेश को एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र बनाने के प्रयासों का समर्थन करता रहेगा।
मुलाकात के दौरान ओम बिरला ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को पदभार संभालने पर बधाई दी और उन्हें भारत आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। इसी अवसर पर उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजा गया एक विशेष पत्र भी तारिक रहमान को सौंपा। बातचीत में दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि भारत और बांग्लादेश के लोगों के हित में आपसी सहयोग को और मजबूत किया जाना चाहिए तथा क्षेत्रीय शांति, विकास और स्थिरता के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए पत्र में बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में जीत और प्रधानमंत्री पद संभालने पर तारिक रहमान को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। पत्र में पीएम मोदी ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की चुनावी सफलता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि तारिक रहमान अपने नए दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत, बांग्लादेश के साथ अपने बहुआयामी संबंधों को और गहराई देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन संबंधों में कनेक्टिविटी, व्यापार, तकनीक, शिक्षा, कौशल विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवाएं, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस पत्र में तारिक रहमान को उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी जाइमा के साथ भारत आने का निमंत्रण भी दिया और आश्वासन दिया कि भारत में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा। कूटनीतिक हलकों में इस पत्र को भारत-बांग्लादेश संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस बीच बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं भेजी हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश जनकेंद्रित सहयोग के तहत अपने-अपने नागरिकों के कल्याण के लिए मिलकर काम करने को लेकर आशावादी हैं।
गौरतलब है कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान को चुनावी जीत के बाद बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह ढाका स्थित नेशनल संसद के दक्षिण प्लाजा में आयोजित हुआ, जहां बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने उन्हें और उनके मंत्रिमंडल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बीएनपी के 50 सदस्यीय मंत्रिमंडल में 25 मंत्री, 24 राज्य मंत्री और 3 तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं।
इस समारोह में ओम बिरला की भागीदारी को भारत सरकार की ओर से एक मजबूत राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह उपस्थिति भारत और बांग्लादेश के बीच गहरी मित्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, साथ ही यह संकेत भी देती है कि भारत, बांग्लादेश की चुनी हुई सरकार के साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
