बरेली: थाना प्रेमनगर क्षेत्र में हनीट्रैप के जरिए लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाकर मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
हनीट्रैप में फंसाकर दुष्कर्म के झूठे केस की धमकी
पीड़ित मनीष गंगवार निवासी इंद्रानगर, प्रेमनगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि कुछ लोगों ने एक महिला के जरिए उन्हें हनीट्रैप में फंसाया और उनके खिलाफ दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों में झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर पैसों की मांग की। आरोप है कि पहले उनसे करीब 10 लाख रुपये वसूल लिए गए और बाद में दोबारा केस में फंसाने की धमकी देकर 12 लाख रुपये और मांगे गए।
केस दर्ज होते ही पुलिस हुई सक्रिय
शिकायत के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश तेज कर दी। पुलिस के अनुसार यह एक संगठित गिरोह है, जो इसी तरह लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर रकम वसूलता था।
वांछित आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद थाना प्रेमनगर पुलिस टीम ने एमबी इंटर कॉलेज क्षेत्र से अभियुक्त उदित पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और मामले में उसकी तलाश की जा रही थी।
