बदायूं : शहर के नजदीक बहेड़ी मोड़ पर रविवार शाम एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहां एक सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर मौके से फरार हो गई। इसके बाद कार चालक ने बिजनौर हाईवे पर 12 किलोमीटर के दायरे में तीन अलग-अलग जगहों पर बाइक सवारों को कुचल दिया।
इस सीरियल एक्सीडेंट में कुल चार बाइकों को टक्कर लगी, जिसमें तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा रविवार शाम करीब पांच बजे बहेड़ी मोड़ पर हुआ। कार की टक्कर से एक बाइक सवार घायल हो गया, लेकिन चालक रुका नहीं और बदायूं से बिल्सी की ओर तेज रफ्तार में भाग निकला।
करीब सात किलोमीटर आगे रोशननगर मोड़ पर कार ने दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बरामय खेड़ा निवासी बदलू (56) की मौके पर मौत हो गई, जबकि शान मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कार चालक ने पांच किलोमीटर आगे लउआ गांव के पास तीसरा हादसा किया। यहां बाइक पर सवार करतौली गांव निवासी मुकेश (30) की मौत हो गई, जबकि उनके बहनोई मदन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान सड़क से गुजर रहे लउआ निवासी प्रमोद के बेटे विशाल (22) की बाइक भी कार की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विशाल की भी मौके पर मौत हो गई। हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उझानी के सीओ डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश की जा रही है और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बिल्सी पुलिस का इंतजार, चालक निकल गया चकमा देकर बहेड़ी मोड़ पर पहले हादसे की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने बिल्सी थाने को अलर्ट किया था। पुलिस ने बदायूं-बिल्सी रोड पर कार का इंतजार भी किया, लेकिन तब तक कार चालक रास्ते में कई और हादसे कर चुका था और किसी गांव के रास्ते से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
