बरेली:महाशिवरात्रि के पावन पर्व से पहले नाथनगरी पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग गई है। शहर के प्रमुख द्वार, चौराहे और सड़कें रोशनी, फूलों और धार्मिक प्रतीकों से सजी नजर आ रही हैं। बरेली विकास प्राधिकरण यानी BDA की ओर से किए गए विशेष सजावटी कार्यों ने शहर को एक भव्य और दिव्य स्वरूप दे दिया है। हर ओर ‘हर-हर महादेव’ की गूंज और भक्तिमय माहौल दिखाई देने लगा है।
झुमका तिराहे पर नंदी महाराज, लखनऊ रोड पर नटराज का स्वागत

शहर में दिल्ली की ओर से प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के लिए झुमका तिराहे पर नंदी महाराज की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। नंदी पार्क को फूलों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है, जहां सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया गया है। वहीं लखनऊ मार्ग से आने वालों का स्वागत रजऊ तिराहे पर भगवान नटराज और त्रिशूल की भव्य आकृतियां करेंगी। दोनों ही स्थान अब शहर की नई धार्मिक पहचान बनते नजर आ रहे हैं।
फूलों और लाइटिंग से सजे चौराहे, तीन दिन रहेगा विशेष श्रृंगार

शहर के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में गेंदे और गुलाब के फूलों से सजावट की गई है। सराफा बाजार से लेकर किला-कुतुबखाना तक सड़कों को थीम आधारित रूप दिया गया है। कहीं डमरू और शिवलिंग की फूलों से बनी आकृतियां हैं तो कहीं त्रिशूल और चंद्रमा की सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है। 14 से 16 फरवरी तक विशेष पुष्प श्रृंगार किया जाएगा।
मंदिरों में डिजिटल रोशनी, भक्तों के लिए खास इंतजाम

नाथनगरी के प्रमुख शिव मंदिरों को भी फूलों और डिजिटल लाइटिंग से सजाया गया है। मंदिरों के शिखरों से लेकर प्रांगण तक रंगीन रोशनी की आभा दिखाई दे रही है। संध्या के समय मंदिरों के आसपास डमरू की थाप और शिवधुन से माहौल भक्तिमय हो उठेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया गया है।
पर्यटन और आस्था को जोड़ने की पहल
बरेली विकास प्राधिकरण का कहना है कि इस सजावट का उद्देश्य नाथनगरी की धार्मिक पहचान को और मजबूत करना तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। प्रवेश द्वारों पर प्रतिमाएं, विशेष लाइटिंग और लैंडस्केपिंग के जरिए शहर को एक आध्यात्मिक अनुभव देने की कोशिश की गई है। आने वाले दिनों में नंदी पार्क का औपचारिक लोकार्पण भी किया जाएगा।
