लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माघ मेले के दौरान शंकराचार्य प्रकरण पर अपनी स्पष्ट और दो टूक राय रखते हुए कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और यह सदन व प्रदेश कानून से ही चलता है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं हो सकता। स्वयं मुख्यमंत्री होने के बावजूद उनके लिए भी वही कानून लागू हैं, जो एक आम नागरिक के लिए हैं। हर किसी को मर्यादाओं का पालन करना ही पड़ता है।
मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय उन पर लाठीचार्ज किया गया था, और आज वही लोग नैतिकता की बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति अमर्यादित आचरण नहीं कर सकता। उनकी सरकार कानून का पालन करना जानती है और जरूरत पड़ने पर कानून का पालन करवाना भी जानती है।
प्रदेश के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक एयरपोर्ट वाला राज्य बन चुका है। नोएडा में देश का सबसे बड़ा जेवर एयरपोर्ट निर्माणाधीन है, जो करीब 12 हजार एकड़ क्षेत्रफल में फैला हुआ है। एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट आज उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं और यही पिछले वर्षों में प्रदेश में आया सबसे बड़ा बदलाव है।
खेलों को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में खेलों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियाड और ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की नीति अपनाई गई है। इसके साथ ही प्रदेश में खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रदेश में करीब नौ लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिनमें से लगभग एक लाख पचहत्तर हजार नौकरियां महिलाओं को मिली हैं। पुलिस भर्ती में भी महिलाओं को बड़ी संख्या में अवसर दिए गए हैं, जिससे महिलाओं की भागीदारी और आत्मविश्वास दोनों बढ़े हैं।
कृषि क्षेत्र पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकारों ने अन्नदाता किसानों को कर्जदार बना दिया था और व्यापारियों व निवेशकों को प्रदेश छोड़ने पर मजबूर कर दिया गया था। उस समय प्रदेश में हताशा और निराशा का माहौल था और यूपी की छवि खराब हो चुकी थी। बीते नौ वर्षों में स्पष्ट कृषि नीति के चलते अब कृषि लागत कम हुई है और उत्पादन बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश की कुल कृषि भूमि का करीब 11 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश के पास है, लेकिन यहां का अन्नदाता देश का 21 प्रतिशत खाद्यान्न उत्पादन करता है। किसानों के खातों में सीधे 95 हजार करोड़ रुपये की धनराशि पहुंचाई जा चुकी है। आज उत्तर प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन में देश में पहले स्थान पर है, दुग्ध उत्पादन में अग्रणी है और मत्स्य उत्पादन में भी लगातार प्रगति कर रहा है।
आर्थिक स्थिति पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को नकारात्मक नजर से देखा जाता था, लेकिन आज प्रदेश की अर्थव्यवस्था बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। टैक्स चोरी पर सख्ती से रोक लगाई गई है, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार का बड़ा प्रहार है। बीते नौ वर्षों में जनता पर कोई नया टैक्स लगाए बिना भी वित्तीय अनुशासन बनाए रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर कोई उत्तर प्रदेश के बारे में सकारात्मक सोच रखता है और यही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
