मैनपुरी : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां क्रिकेट खेलते समय 13 वर्षीय छात्र की अचानक मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह बिछवा थाना क्षेत्र के गांव सहारा की है, जिसने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मृतक छात्र की पहचान विराट चौहान के रूप में हुई है। वह गांव सहारा निवासी किसान सोमेंद्र सिंह चौहान का इकलौता बेटा था और लहरा क्षेत्र स्थित अनारा एजुकेशन एकेडमी में कक्षा छह का छात्र था। रविवार सुबह विराट अपने दोस्तों के साथ घर के पास बने मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। खेल के दौरान वह बॉलिंग कर रहा था, तभी अचानक उसके हाथ में तेज दर्द होने लगा।
साथियों के अनुसार, शुरुआत में विराट ने दर्द को नजरअंदाज किया और कुछ गेंदें और फेंकीं, लेकिन दर्द बढ़ता चला गया। इसके बाद वह जमीन पर बैठ गया और फिर लेटकर छटपटाने लगा। कुछ ही पलों में उसकी हालत और बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। यह दृश्य देखकर साथ खेल रहे बच्चे घबरा गए और तुरंत उसके घरवालों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और विराट को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर गए। हालांकि, इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, विराट को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चा मृत अवस्था में इमरजेंसी वार्ड में लाया गया था। मौत के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना संभव नहीं है, हालांकि प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिस वजह से मौत की असली वजह सामने नहीं आ सकी। विराट के पिता सोमेंद्र सिंह चौहान खेती-किसानी करते हैं और घटना के समय किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वे दिल्ली से गांव के लिए रवाना हो गए। घर में विराट की मां सुनीति और छोटी बहन आराध्या का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव सहारा में इस घटना के बाद शोक की लहर है। एक हंसता-खेलता बच्चा यूं अचानक दुनिया से चला जाना हर किसी को भावुक कर गया है।
