पटना : पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उनकी गिरफ्तारी के बाद अब बिहार पुलिस उन्हें जेल भेजने की तैयारी में जुटी हुई है। फिलहाल पप्पू यादव का इलाज पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। गिरफ्तारी के दौरान लगी चोट के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर में चोट लगी है और धड़कन तेज होने की शिकायत सामने आई है, जिस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अस्पताल में भर्ती रहते हुए सांसद पप्पू यादव ने बिहार की नीतीश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एक साजिश रची जा रही है और उनकी हत्या तक कराई जा सकती है। पप्पू यादव का आरोप है कि उन्हें आधी रात को जबरन गिरफ्तार किया गया। उन्होंने दावा किया कि सिविल ड्रेस में एक इंस्पेक्टर उनके पास आया और उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि किस मामले में उनकी गिरफ्तारी हो रही है। सांसद ने कहा कि उन्हें डर है कि आगे उनके साथ क्या किया जाएगा और यह पूरा मामला एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।
इधर, पटना पुलिस सांसद पप्पू यादव को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। इस बीच, उनकी गिरफ्तारी की खबर फैलते ही समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। पटना, पूर्णिया और आरा समेत कई इलाकों में पप्पू यादव के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आरा में तो समर्थक सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समर्थकों का आरोप है कि पप्पू यादव पिछले कुछ दिनों से नीट छात्रा मामले को लेकर सरकार के खिलाफ खुलकर आवाज उठा रहे थे। उनका कहना है कि एनडीए सरकार उनकी सक्रियता से घबरा गई है और इसी वजह से उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। समर्थकों ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए तत्काल रिहाई की मांग की है।
वहीं, पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने पूरे मामले पर पुलिस का पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि यह मामला वर्ष 1995 का है, जो पहले भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज था और अब भारतीय न्याय संहिता के तहत आता है। इस केस में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और धमकी जैसी धाराएं लगाई गई हैं। यह मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र का है और न्यायालय में इसका ट्रायल चल रहा था। सांसद को तय तारीख पर कोर्ट में पेश होना था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति के कारण गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि पप्पू यादव द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं और पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में की गई है।
