शेरगढ़ थाना क्षेत्र के डूंगरपुर देहात गांव की वारदात, चारा लेकर घर लौटते वक्त बनाया गया निशाना
बरेली : यूपी के बरेली के शेरगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। देहात के डूंगरपुर गांव के बाहर गन्ने के खेत में एक 60 वर्षीय ग्रामीण का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। शव पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान पाए गए हैं। इससे साफ है कि हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई। मृतक की पहचान रामदास (उम्र लगभग 60 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामदास रोज़ की तरह खेत पर चारा काटने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने पूरी रात उनकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं लग सका।
बरसीम का मिला बोरा, रास्ते में हत्या की आशंका
सुबह दोबारा खोजबीन शुरू की गई, तो गांव के बाहर गन्ने के खेत में रामदास का शव पड़ा मिला। जिस खेत में शव मिला, उससे कुछ दूरी पर बरसीम से भरा बोरा भी बरामद हुआ। इससे यह आशंका गहराती जा रही है कि रामदास को घर लौटते समय रास्ते में ही घेरकर हमला किया गया। परिजनों ने बताया कि रामदास अपनी पत्नी के साथ खेत पर बरसीम काट रहे थे। कुछ देर बाद उनकी पत्नी बकरियां चराने चली गईं, जबकि रामदास बरसीम से भरा बोरा लेकर गांव की ओर निकल पड़े थे, लेकिन रास्ते में ही उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया।
फॉरेंसिक टीम मौके पर, साक्ष्य जुटाए
घटना की सूचना मिलते ही शेरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची।फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के खेतों, रास्तों और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल, हत्या की कोई ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य एंगल से मामले की जांच कर रही है।
जानें क्या बोले SP North
एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि“शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”इस वारदात के बाद से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
