मेरठ : सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कानून व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देते हुए कुछ युवकों ने चलती कार के बोनट पर बैठकर खतरनाक स्टंट किया। हैरानी की बात यह है कि जिस कार पर यह स्टंट किया जा रहा था, उस पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा हुआ था। यह पूरी घटना एसएसपी आवास के बेहद करीब घटित हुई, जिससे पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार दोपहर एसएसपी आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित कुटी चौराहे पर आरोपी युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चलती कार के बोनट पर एक युवक को बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाया गया। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक हुए इस खतरनाक स्टंट को देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कई लोगों की जान जोखिम में पड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी काफी दूर से इसी तरह स्टंट करते हुए आ रहे थे, लेकिन रास्ते में कहीं भी पुलिस की तैनाती नजर नहीं आई। वीआईपी इलाका होने के बावजूद इस तरह की लापरवाही ने पुलिस गश्त के दावों की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कोई बड़ा हादसा हो जाता तो इसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल हो जाता जब कुछ जागरूक राहगीरों ने इस खतरनाक स्टंट का विरोध किया तो कार सवार युवकों ने उनके साथ अभद्रता की। आरोप है कि युवकों ने खुद को सरकार से जुड़ा बताते हुए रौब दिखाया और राहगीरों को धमकाया। दबंगई के इस रवैये से मौके पर मौजूद लोग और भी ज्यादा सहम गए।
इसी दौरान एक जागरूक नागरिक ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। वायरल वीडियो में साफ तौर पर युवक को कार के बोनट पर बैठे हुए और सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों को खतरे में डालते हुए देखा जा सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस वायरल फुटेज के आधार पर कार के नंबर और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
