लखनऊ : राजधानी लखनऊ के बाजारखाला इलाके में चीनी मांझे से हुई एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद प्रदेश की योगी सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में चीनी मांझे के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने का सख्त फैसला लिया है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर छापेमारी करने और अवैध रूप से चीनी मांझा बेचने व इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि चीनी मांझे के कारण होने वाली मौतों को अब सामान्य हादसा नहीं माना जाएगा, बल्कि इन्हें हत्या की श्रेणी में रखा जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पूरे प्रदेश में की जाने वाली कार्रवाई की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा भी की जाएगी, ताकि कहीं भी लापरवाही न बरती जाए।
बुधवार को लखनऊ के बाजारखाला क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई थी, जहां पतंग उड़ाते समय चीनी मांझे की डोर एक युवक के गले में फंस गई। तेज और धारदार मांझे से युवक का गला कट गया, जिससे उसकी गर्दन की नस क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक की जान चली गई। इस हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल देखने को मिला और लोगों ने चीनी मांझे पर सख्त प्रतिबंध की मांग की।
इससे पहले भी चीनी मांझे के कारण कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पहले हवा में उड़ती पतंग का तार हाईटेंशन लाइन पर गिर जाने से मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई थीं, जिससे मेट्रो ट्रेनें जहां की तहां रुक गई थीं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा, दोपहिया वाहन चालकों, पैदल चलने वालों और पक्षियों के लिए भी चीनी मांझा लगातार जानलेवा साबित हो रहा है।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को स्पष्ट निर्देश जारी किए कि चीनी मांझे के निर्माण, बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लागू की जाए। उन्होंने कहा कि जनजीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का यह कदम आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोकने की दिशा में एक सख्त और निर्णायक कार्रवाई माना जा रहा है।
