एयरफोर्स बाउंड्री के पास बिना अनुमति हो रही थी प्लॉटिंग, प्रवर्तन टीम ने किया ध्वस्तीकरण
बरेली : बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को थाना इज्जतनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने ग्राम कंजादासपुर, एयरफोर्स बाउंड्रीवाल के निकट करीब 5000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
बिना नक्शा स्वीकृति हो रहा था कॉलोनी का विकास
प्राधिकरण के अनुसार, सिराज द्वारा बिना बरेली विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क निर्माण और बाउंड्रीवाल का कार्य कराते हुए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यह पूरा निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम -1973 के प्रावधानों का उल्लंघन था।
विशेष कार्याधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
उक्त अवैध कॉलोनी के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई कर विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी एवं प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही। टीम ने अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, चिन्हित प्लॉट और अन्य निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
BDA की नागरिकों को सख्त चेतावनी
बरेली विकास प्राधिकरण ने आम नागरिकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करने से पूर्व मानचित्र की स्वीकृति लेना अनिवार्य है। बिना स्वीकृत नक्शे के किया गया निर्माण या भूखंडों का विकास पूरी तरह अवैध है और उसे किसी भी समय ध्वस्त किया जा सकता है।
भूखंड खरीदने से पहले जांच जरूरी
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि भवन या भूखंड खरीदने से पहले यह अवश्य जांच लें कि संबंधित मानचित्र BDA से स्वीकृत है या नहीं। अन्यथा उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम -1973 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
