शिमला : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के नेरवा डिपो की एक यात्री बस मंगलवार सुबह भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 34 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी की बस संख्या एचपी-66 ए-2588 हरिपुर कोटी मीनस मार्ग पर क्वानू के पास अचानक अनियंत्रित होकर नीचे शूदोई खड्ड में जा गिरी। बस में उस समय लगभग 37 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना बस के परिचालक ने फोन के माध्यम से पुलिस को दी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
घटना के तुरंत बाद एसडीआरएफ, हिमाचल पुलिस और उत्तराखंड पुलिस की टीमों द्वारा राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। हालांकि, घायलों का आरोप है कि हादसे के बाद करीब दो घंटे तक उत्तराखंड प्रशासन और पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने ही सबसे पहले मोर्चा संभालते हुए घायलों को खड्ड से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद रास्ते से गुजरने वाले लोगों ने अपने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद की।
हादसे में घायल हुए विनोद कुमार पंडित, जो बिहार के निवासी हैं और नेरवा में प्लंबर का काम करते हैं, ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब बस एक ट्रक को पास दे रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे बना डंगा अचानक गिर गया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खड्ड में जा गिरी। विनोद किसी तरह खुद चलकर सड़क तक पहुंचे, जबकि उनके साथी को स्थानीय लोगों ने उठाकर बाहर निकाला।
इस हादसे में ऋचा (30 वर्ष), पत्नी वीरेंद्र चौहान, निवासी ग्राम बिजमल नेरवा की मौत की पुष्टि उनके देवर और बिजमल पंचायत के पूर्व प्रधान दिनेश चौहान ने की है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि पुलिस और राहत टीमों द्वारा घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
वहीं, इस दुर्घटना पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से जिला प्रशासन से घटना की जानकारी ली और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।
