बरेली : शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग दिलाने के लिए नगर निगम बरेली ने सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है। अब सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी।इसके लिए नगर निगम हर वार्ड में ‘नगर मित्र’ तैनात करेगा, जो नियम तोड़ने वालों की सीधी रिपोर्ट अधिकारियों को देंगे। इसके बाद तत्काल चालान की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के अनुसार बरेली में कुल 80 वार्ड हैं और यहां करीब 13 से 14 लाख की आबादी रहती है। शहर को स्वच्छ वातावरण देने के लिए नगर निगम समय-समय पर विशेष अभियान चलाता रहा है। इसी क्रम में अब वार्ड प्रोत्साहन समिति को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
वार्ड प्रोत्साहन समिति से चुने जाएंगे नगर मित्र
फिलहाल हर वार्ड में बनी वार्ड प्रोत्साहन समिति में पार्षद अध्यक्ष हैं, जबकि स्थानीय नागरिक सदस्य के तौर पर जुड़े हुए हैं। इन्हीं सदस्यों में से जो नागरिक बेहतर काम करेंगे, उन्हें ‘नगर मित्र’ के रूप में चयनित किया जाएगा। पार्षद स्तर से चयन होने के बाद नगर मित्र को उस वार्ड का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा।
नगर मित्र को अपने पूरे वार्ड की जिम्मेदारी दी जाएगी। अगर कोई व्यक्ति खुले स्थान पर कूड़ा फेंकते, नालियों में गंदगी करते या सार्वजनिक जगहों को गंदा करते हुए पकड़ा जाता है, तो नगर मित्र इसकी सूचना सीधे नगर निगम अधिकारियों को देंगे। इसके बाद संबंधित व्यक्ति पर चालान किया जाएगा।
निगरानी के साथ जागरूकता भी बढ़ेगी
नगर निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से केवल निगरानी ही मजबूत नहीं होगी, बल्कि लोगों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी। सार्वजनिक स्थलों की साफ -सफाई बनाए रखने में नगर मित्र अहम भूमिका निभाएंगे।
गंदगी पर 22 कैटेगरी में चालान, 60 लाख से ज्यादा जुर्माना

नगर निगम द्वारा गंदगी फैलाने वालों पर 22 अलग-अलग कैटेगरी में चालान की कार्रवाई की जाती है।वित्तीय वर्ष में अप्रैल से जनवरी तक अब तक करीब 60 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।
सबसे अधिक चालान पीलीभीत बाईपास पर
शहर में सबसे ज्यादा चालान सैटेलाइट से पीलीभीत रोड पर हुए हैं। यहां बस अड्डा और ठेला-खुमचा लगाने वालों की संख्या अधिक होने के कारण 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। केवल जनवरी महीने में ही 13.50 लाख रुपये का चालान किया गया, जिसमें कूड़ा फेंकने पर 2.93 लाख डेयरी से गंदगी फैलाने पर 4.57 लाख, अतिक्रमण के साथ गंदगी पर 31 हजार, पॉलीथिन से गंदगी फैलाने पर 3.20 लाख बायो-मेडिकल वेस्ट फैलाने पर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना शामिल है।
नगर निगम का साफ संदेश- अब लापरवाही नहीं चलेगी
नगर निगम के पर्यावरण अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राठी ने बताया कि वार्ड प्रोत्साहन समिति में सक्रिय और बेहतर कार्य करने वाले नागरिकों को नगर मित्र बनाया जाएगा। ये नगर मित्र अपने क्षेत्र की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रखेंगे, ताकि खुले में कचरा फेंकने और नालियां गंदा करने पर तुरंत रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि नगर मित्र लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित भी करेंगे और नियम तोड़ने वालों की सूचना अधिकारियों को देंगे, ताकि तुरंत कार्रवाई हो सके।
