03 फरवरी से भारी वाहनों और बसों के लिए लागू हुआ डायवर्जन प्लान, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
बरेली: शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सिटी स्टेशन से दुल्हे मियां की मजार तक रामपुर रोड पर सीसी सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है। यह कार्य करीब तीन महीने तक चलेगा। सड़क निर्माण के चलते भारी वाहनों, टैंकरों, डेयरी उत्पाद वाहनों, रोडवेज और सिटी बसों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी गई है। यह व्यवस्था 03 फरवरी की सुबह 8 बजे से प्रभावी हो जाएगी है।
दिल्ली और रामपुर से आने वाले वाहनों के लिए नया रास्ता
दिल्ली और रामपुर की ओर से बरेली आने वाले भारी वाहन अब झुमका तिराहे से बड़े बाईपास होते हुए विलयधाम, इनवर्टिस तिराहा और ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाएंगे।जो वाहन लखनऊ की तरफ जाना चाहते हैं, वे भी बड़े बाईपास का ही इस्तेमाल करेंगे। वहीं बदायूं जाने वाले वाहन बड़े बाईपास से फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा होकर जाएंगे।
बदायूं से आने वाले वाहनों का रूट बदला

बदायूं की तरफ से बरेली आने वाले भारी वाहन अब देवचरा, दातागंज और फतेहगंज पूर्वी होते हुए बड़े बाईपास से ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचेंगे।दिल्ली और लखनऊ जाने वाले वाहन भी इसी रास्ते से हाईवे की ओर जाएंगे।
नैनीताल और पीलीभीत से आने वालों के लिए डायवर्जन
नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से बरेली आने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास से विलयधाम और इनवर्टिस तिराहे होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंचेंगे। जो वाहन बदायूं जाना चाहते हैं, उन्हें भी इसी बाईपास मार्ग से फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा की ओर भेजा जाएगा।
रोडवेज और सिटी बसों का बदला हुआ रूट
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें अब झुमका तिराहा से मिनी बाईपास होते हुए इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, 100 फुटा रोड और सुरेश शर्मा नगर के रास्ते सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी। बदायूं जाने वाली रोडवेज बसें भी इसी मार्ग से होकर विद्यावान कोठी, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे की ओर जाएंगी।
इन रास्तों पर भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद
चौपला पुल से सिटी स्टेशन की ओर और मिनी बाईपास से दुल्हे मियां की मजार व चौपला की तरफ सभी प्रकार के भारी वाहन, रोडवेज बसें, सिटी बसें और ट्रैक्टर-ट्रॉली का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक संभालने के लिए पुलिस तैनात
प्रशासन ने जाम की स्थिति से बचने के लिए कई चौराहों और तिराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए हैं। रामगंगा तिराहा, देवचरा चौराहा, मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा और चौपला पुल क्षेत्र में रात के समय भी डायवर्जन को सख्ती से लागू कराया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे तय किए गए डायवर्जन रूट का पालन करें और अनावश्यक परेशानी से बचें। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
