वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हैदराबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट करते हुए फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, हैदराबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो फ्लाइट संख्या SE-719 में कुल 230 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान फ्लाइट के वॉशरूम में एक कागज पर बम होने की सूचना लिखी हुई पाई गई। यह जानकारी एक यात्री ने फ्लाइट अटेंडेंट को दी, जिसके बाद तुरंत एटीसी को सूचित किया गया।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की अनुमति के बाद शाम करीब 5 बजकर 56 मिनट पर फ्लाइट की वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। सभी यात्रियों को एहतियातन विमान से उतार लिया गया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद इंडिगो विमान की सघन तलाशी शुरू की गई। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां विमान और आसपास के क्षेत्र की जांच में जुट गईं। फूलपुर थाना क्षेत्र के एसओ ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है और हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है।
