बरेली : माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को बरेली में रामगंगा नदी के घाटों पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। घने कोहरे और हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह करीब 4 बजे से ही चौबारी घाट समेत रामगंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी।प्रशासन के अनुसार सुबह 10 बजे तक करीब 30 हजार श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके थे, जबकि पूरे दिन में 50 से 60 हजार श्रद्धालुओं के स्नान का अनुमान लगाया गया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न किए।
कोहरे और बारिश में भी नहीं डिगी आस्था
ठंड, कोहरा और हल्की बूंदाबांदी के बावजूद श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ घाटों पर पहुंचे। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने रामगंगा में स्नान कर पुण्य लाभ कमाने के साथ परिवार और समाज की खुशहाली की कामना की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शांतिपूर्ण रहा स्नान पर्व
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। गोताखोर, पीएसी और स्थानीय पुलिस लगातार निगरानी करती रही। सुरक्षा व्यवस्था के चलते माघ पूर्णिमा का स्नान पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जाम से बचाने को ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों पर रोक
माघ पूर्णिमा के दौरान शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 4 बजे से दोपहर 1 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया। दिल्ली, रामपुर, बदायूं, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बड़े बाईपास से डायवर्ट किया गया। रामगंगा की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर पूरी तरह रोक रही। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मी तैनात रहे।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रैफिक प्लान लागू किया गया, जिसका प्रभावी ढंग से पालन कराया गया। वहीं सीओ द्वितीय सोनाली मिश्रा ने घाटों और ट्रैफिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन की तैयारी रही सफल
प्रशासन का कहना है कि बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और सुनियोजित ट्रैफिक प्लान के चलते माघ पूर्णिमा का यह प्रमुख स्नान पर्व बिना किसी अव्यवस्था और हादसे के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
