बरेली: स्कूटी से घर लौट रहे मेडिकल छात्र और उसके दोस्त का अपहरण कर उनसे यूपीआई के जरिए 60 हजार रुपये ट्रांसफर कराने के मामले में फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए इस संगीन वारदात में वांछित आरोपी सचिन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
राधा कृष्ण मंदिर से लौटते वक्त हुआ था अपहरण
घटना 10 नवंबर 2025 की है, जब सोनई (महाराष्ट्र) निवासी गौरव वरपे, जो वर्तमान में राजश्री मेडिकल कॉलेज में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, अपने दोस्त गौरवेंद्र के साथ स्कूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान ईको वैन सवार बदमाशों ने उनकी स्कूटी को रोककर दोनों का अपहरण कर लिया।
जान से मारने की धमकी देकर कराए 60 हजार ट्रांसफर
अपहरण के बाद आरोपियों ने पीड़ितों से यूपीआई का पिन पूछकर उसके खाते से 60 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित की तहरीर पर फतेहगंज पश्चिमी थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना में सामने आया सचिन सिंह का नाम
पुलिस जांच के दौरान आरोपी सचिन सिंह का नाम सामने आया, जो अलीगंज थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में फतेहगंज पश्चिमी में रह रहा था। मामले में एक और गंभीर धारा बढ़ाई गई, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।पुलिस टीम ने सूचना पर राधा कृष्ण मंदिर से रहपुरा अंडरपास के पास घेराबंदी कर आरोपी सचिन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इस मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
