बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में अपराधियों के हौसले एक बार फिर खुलेआम नजर आए हैं। फरीदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने मां और उसके दो बेटों से रुपयों से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर महिला और उसके एक बेटे को लाठी से पीटकर घायल कर दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव की हिम्मत नहीं दिखाई। पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्लॉट की रजिस्ट्री कराने जा रहे थे पीड़ित
जानकारी के अनुसार भुता थाना क्षेत्र निवासी डॉक्टर टी.आर. चक्रवर्ती ने फरीदपुर कस्बे में करीब 150 वर्ग गज का प्लॉट खरीदा था। गुरुवार दोपहर उनकी पत्नी सावित्री देवी अपने बेटों आकाश और कुलदीप के साथ कार से फरीदपुर रजिस्ट्री कार्यालय जा रही थीं। कुलदीप कार चला रहा था, जबकि आकाश ने बताया कि बैग में करीब ढाई लाख रुपये रखे हुए थे।
लाठी मारकर रुकवाई कार, बैग छीनने की कोशिश
पीड़ित परिवार ने बताया कि फरीदपुर-भुता मार्ग पर भसोकर गांव के पास बदमाशों ने अचानक लाठी मारकर कार रुकवा ली। कार रुकते ही बदमाशों ने सावित्री देवी के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने मां-बेटों को जबरन कार से बाहर खींच लिया।
हिम्मत दिखाने पर बेरहमी से पिटाई
बताया जा रहा है कि सावित्री देवी ने हिम्मत दिखाते हुए बैग नहीं छोड़ा। इसी दौरान बैग की चेन खुल गई और कुछ रुपये सड़क पर गिर गए। जब मां-बेटे रुपयों को बचाने लगे तो बदमाशों ने लाठी से हमला कर दिया। पिटाई में सावित्री देवी और उनका एक बेटा घायल हो गया।आखिरकार बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
वीडियो वायरल, पुलिस पर सवाल
घटना के दौरान किसी राहगीर ने बदमाशों द्वारा मां-बेटे को पीटने का वीडियो बना लिया, जिसमें एक बदमाश लाठी से हमला करता साफ नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
थाने पहुंचे पीड़ित, चार संदिग्ध हिरासत में
घायल अवस्था में पीड़ित मां-बेटे सीधे फरीदपुर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े लूट से दहशत
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब भीड़ भरे इलाके में इस तरह की वारदात हो सकती है, तो आम लोग खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करें? अब निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
