बरेली : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक्स यूनियन (UFBU) के आह्वान पर मंगलवार को सरकारी बैंकों में हड़ताल रही। बरेली में स्टेशन रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा पर बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी और कर्मचारी जुटे और जोरदार प्रदर्शन किया।
नवींद्र कुमार ने उठाए सरकार पर सवाल
प्रदर्शन का संचालन UFBU के जिला संयोजक नवींद्र कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि बैंक प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों की सहमति से फाइव डे बैंकिंग का प्रस्ताव काफी पहले सरकार को सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक उस पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने इसे कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
UFBU के उपाध्यक्ष संतोष तिवारी ने कहा कि अगर सरकार ने जल्द मांगें नहीं मानीं तो बैंक कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए मजबूर होंगे। वहीं BTUF की पदाधिकारी गीता शान्त ने सरकार की श्रम नीतियों पर सवाल उठाते हुए कर्मचारियों के शोषण का आरोप लगाया।
नई भर्तियों की कमी से बढ़ा बोझ
केनरा बैंक अधिकारी संघ की रश्मि शर्मा ने कहा कि बैंकों में स्थायी भर्ती न होने से कर्मचारियों पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है। UFBU अध्यक्ष पी.के. माहेश्वरी ने भी कहा कि फाइव डे वर्किंग अब समय की जरूरत है और इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए।
कई संगठनों की रही भागीदारी
प्रदर्शन में एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक सहित कई बैंकों के कर्मचारी शामिल हुए और एकजुट होकर अपनी मांगों को बुलंद किया।
