बरेली: फरीदपुर थाना क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 19 जनवरी को नवादा बिलसंडा गांव में हुई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
सड़क से गुजरते वक्त मारी गई गोली
पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी योगेश किसी काम से सड़क के रास्ते जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावर ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही योगेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी।
पुरानी रंजिश निकली हत्या की वजह
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि इस मामले में सुमित नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि मृतक योगेश के भतीजे अनुज और आरोपी सुमित के भाई पीके यादव के बीच मोबाइल की किस्त को लेकर विवाद हुआ था। इसी कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ गई थी।
बदले की भावना में रची गई साजिश
पुलिस का कहना है कि मोबाइल किस्त के विवाद के बाद आरोपी पक्ष ने बदला लेने की ठान ली और इसी रंजिश में योगेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आगे की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
