2027 में पीडीए का सरकार का वादा, बोले,सामाजिक न्याय का होगा राज
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बोले, “2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार बनेगी।” उन्होंने भाजपा सरकार पर पीडीए समाज के शोषण, अपमान और अधिकारों के हनन का गंभीर आरोप लगाया और कहा कि आने वाला समय सामाजिक न्याय और विकास के राज का होगा।
भाजपा सरकार पर साधा तीखा हमला

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में अन्याय और अत्याचार चरम पर हैं। गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है। अपराधी सत्ता के इशारे पर बेखौफ घटनाएं कर रहे हैं। जातीय षड्यंत्रों के तहत चुनिंदा लोगों की हत्याएं तक कराई जा रही हैं। उन्होंने तीखा सवाल उठाते हुए कहा, “मुख्यमंत्री यह क्यों नहीं स्वीकार करते कि उत्तर प्रदेश की बागडोर अब अपराधियों के हाथ में चली गई है?”
पिछली सपा सरकार के विकास कार्यों को याद किया
पूर्व मुख्यमंत्री ने सपा सरकार में हुए प्रमुख कार्यों का उल्लेख किया। बोले, पुलिस विभाग को वर्ल्ड क्लास आधारभूत ढांचा दिया गया। नई पुलिस सिग्नेचर बिल्डिंग की विश्व विख्यात क्रिकेटर कपिल देव ने भी सराहना की। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण हुआ। यहां आज आईपीएल व अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित होते हैं। लखनऊ को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। दुग्ध उत्पादन एवं प्रोसेसिंग के लिए संयंत्र स्थापित किए गए। दैनिक 30 लाख लीटर दूध प्रोक्योरमेंट का लक्ष्य तय किया गया था।
भाजपा शासन पर विकास रोकने का आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सभी विकास कार्य ठप कर दिए। उन्होंने पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल किया। किसानों और नौजवानों से वादाखिलाफी की।गेहूं-धान खरीद में भारी धांधली की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आढ़तियों पर दबाव डालकर किसानों का अनाज सस्ते में खरीदवा रही है और बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे 2027 के चुनाव में इस षड्यंत्रकारी शासन का अंत करें।
पीडीए का विजन: न्याय, सम्मान और खुशहाली
सपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी पीडीए वर्ग के हक, सम्मान और आरक्षण की बहाली के लिए संकल्पबद्ध है। 2027 में अगर सपा सरकार बनी तो सामाजिक न्याय का राज स्थापित होगा, हर व्यक्ति को न्याय मिलेगा,विकास और खुशहाली की नई शुरुआत होगी। इस दौरान सांसद आरके चौधरी,पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल,आजमगढ़ से विधायक आलम बदी और संग्राम यादव प्रमुख रहे।
