एसपी चीफ बोले- चुनाव आते ही गायब हो जाएगा बुलडोजर, भाजपा सिर्फ नफरत की राजनीति करती है,कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में हेराफेरी से किया सावधान
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने कहा कि भाजपा अन्याय और अधर्म के रास्ते पर चल रही है, और प्रदेश में उसकी सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा शासन में स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हो चुकी हैं, भ्रष्टाचार चरम पर है और महंगाई-बेरोजगारी से हर वर्ग परेशान है।
“भाजपा ने प्रदेश की पूरी व्यवस्था चौपट कर दी”
गुरुवार को सपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेशभर से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं और गरीबों को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में आम आदमी खुद को असुरक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
“भाजपा नफरत की राजनीति करती है, आरोप लगाना ही इनका काम”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है और जब भी कमजोर पड़ती है, तो और अधिक सांप्रदायिक हो जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता केवल “आरोपजीवी” हैं, जिनका काम समाजवादी पार्टी पर झूठे आरोप लगाना है। उन्होंने भाजपा को पूंजीवादी पार्टी बताते हुए कहा कि यह सरकार सिर्फ पूंजीपतियों के मुनाफे के लिए काम करती है और उन्हें बैंकों से कर्ज दिलाती है।
“चुनाव आते ही बुलडोजर गायब हो जाएगा”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जैसे ही विधानसभा चुनाव की घोषणा होगी, बुलडोजर का पता नहीं चलेगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अन्याय और अत्याचार कर रही है और लोगों को अपमानित किया जा रहा है।
“समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीति करती है”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी विकास, नौकरी और रोजगार की राजनीति करती है। सपा नकारात्मक राजनीति में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए।
2027 के लिए बड़े वादे, महिलाओं पर खास फोकस
पूर्व सीएम ने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर किसानों, नौजवानों, गरीबों और महिलाओं के हित में काम होगा। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार किया जाएगा। गरीबों को मुफ्त इलाज मिलेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जो वादा करती है, उसे निभाती है।
UP News : भाजपा अन्याय और अधर्म के रास्ते पर, 2027 में जनता देगी जवाब-अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने याद दिलाया कि सपा सरकार के दौरान महिलाओं को पेंशन दी गई। छात्राओं को कन्या विद्या धन मिला। 1090 वूमेन पावर लाइन शुरू की गई। 102 और 108 एंबुलेंस सेवा लागू की गई। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनाने में महिलाओं की निर्णायक भूमिका होगी।
मतदाता सूची को लेकर कार्यकर्ताओं को किया आगाह
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं। उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 भरकर 6 फरवरी से पहले नए और छूटे मतदाताओं के नाम जुड़वाने का अभियान तेज किया जाए। साथ ही उन्होंने भाजपा पर मतदाता सूची में हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए सतर्क रहने की सलाह दी।
सपा ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत, मंदिर परिसर के पोलिंग बूथ हटाने की मांग
सपा प्रमुख के निर्देश पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर कन्नौज और गाजियाबाद में मतदाता सूची और पोलिंग बूथ को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं। सपा ने आरोप लगाया है कि कन्नौज सदर विधानसभा क्षेत्र में मंदिर परिसर में बनाए गए पोलिंग बूथ निर्वाचन आयोग के नियमों का उल्लंघन हैं, जबकि गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में स्थायी मतदाताओं के नाम एएसडी के आधार पर मतदाता सूची से डिलीट कर दिए गए हैं। सपा ने ईआरओ के खिलाफ कार्रवाई और एसआईआर प्रक्रिया को पारदर्शी व निष्पक्ष बनाने की मांग की है।
सांसद डिंपल यादव का जन्मदिन धूमधाम से मना
सपा की मैनपुरी लोकसभा सीट की सांसद डिंपल यादव के जन्मदिन पर प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। इसके साथ ही केक काटकर लम्बे उम्र की कामना की। लखनऊ, बरेली समेत देश भर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
