नई दिल्ली : सेना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय सेना निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है और सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अटूट संकल्प के साथ देश की सुरक्षा करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र भारतीय सेना की वीरता, साहस और दृढ़ प्रतिबद्धता को नमन करता है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हमारे सैनिक कर्तव्य के प्रति अपनी निष्ठा से पूरे देश में विश्वास और कृतज्ञता की भावना जगाते हैं। उन्होंने उन वीर जवानों को भी गहरे सम्मान के साथ याद किया जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।
सेना दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों की ओर से भारतीय सेना को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की एकता, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा में सदैव अडिग रही है। सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ आपदा, संकट और मानवीय सहायता के समय भी सेना की भूमिका बेहद अहम रही है। राष्ट्रपति ने कहा कि सैनिकों का अटूट ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव हर भारतीय को निरंतर प्रेरित करता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना दिवस को गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए भारतीय सेना के वीर जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र भारतीय सेना के अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और भारत की संप्रभुता व अखंडता की रक्षा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को नमन करता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि सीमाओं पर सतर्कता और संकट की घड़ी में दृढ़ संकल्प के साथ खड़ी भारतीय सेना ने अपने पेशेवर कौशल, अनुशासन और मानवीय सेवा के जरिए वैश्विक सम्मान अर्जित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार एक आधुनिक, आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तैयार सेना के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी सेना दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के वीर अधिकारियों, जवानों और पूर्व सैनिकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में सेना का साहस, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान हर नागरिक को प्रेरित करता है। उपराष्ट्रपति ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को गहरी कृतज्ञता के साथ स्मरण किया।
गृह मंत्री अमित शाह ने सेना दिवस पर भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके शौर्य की गूंज हमारे इतिहास के पन्नों में दर्ज है, जो हर पीढ़ी के भारतीयों के भीतर देशभक्ति की प्रचंड ज्वाला प्रज्वलित करती है। उन्होंने कर्तव्य पथ पर सर्वस्व अर्पित करने वाले वीर हृदयों को कोटि-कोटि नमन किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सेना दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना राष्ट्र की अडिग ढाल के रूप में खड़ी है, जो कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करती है, आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों के समय स्थिरता बनाए रखती है और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान निस्वार्थ सहयोग प्रदान करती है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सेना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की रक्षा में सदैव तत्पर हमारे वीर जवानों और उनके परिवारों के हम सदैव ऋणी रहेंगे।
गौरतलब है कि हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1949 में फील्ड मार्शल के. एम. कारियाप्पा के भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ के रूप में पदभार संभालने की स्मृति में मनाया जाता है। सेना दिवस देश की सुरक्षा में लगे जवानों के साहस, बलिदान और समर्पण को सम्मान देने का प्रतीक है।
