बरेली : यूपी सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने दो दिवसीय दौरे के दौरान बरेली में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की। सर्किट हाउस में हुई बैठक में उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, रोजगार सृजन और शहर के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया। डीएम ने बताया कि बरेली आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में दूसरे और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में पहले स्थान पर है, जिस पर मंत्री ने संतोष जताया।
ईवीएम, चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर विपक्ष पर हमला

मीडिया से बातचीत में प्रभारी मंत्री ने ईवीएम, चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर समाजवादी पार्टी पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा का ईवीएम पर दोहरा रवैया है, जीत में ईवीएम सही और हार में दोषी। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा के विकास और सुशासन के साथ है और 2027 में फिर भाजपा सरकार बनेगी।
दिवंगत फरीदपुर विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल को दी श्रद्धांजलि

इस दौरान मंत्री ने दिवंगत फरीदपुर विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और बाद में विकास भवन में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान सांसद छत्रपाल सिंह समेत भाजपा के प्रमुख नेता मौजूद थे।
