रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के पास से पकड़ा चाइनीज मांझा, बरेली में अब तक हो चुके हैं कई हादसे
बरेली : मकर संक्रांति और गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) से पहले बरेली पुलिस ने चाइनीज मांझे की बिक्री पर बड़ा शिकंजा कसकर शहर के थाना बारादरी क्षेत्र में एक युवक को गिरफ्तार कर करीब 12 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया है। आरोपी युवक को उस वक्त दबोचा गया, जब वह रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के पास एक बोरी में मांझा लेकर जा रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में अपना नाम फैसल बताया, जो शहर के कांकर टोला मोहल्ले का निवासी है। आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद किया गया करीब साढ़े 12 किलो चाइनीज मांझा उसने खुद तैयार किया था, और मकर संक्रांति और 26 जनवरी से पहले बाजार में बेचने की फिराक में था। इससे पहले कि वह मांझा बाजार तक पहुंचाता, पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
26 जनवरी, और मकर संक्रांति से पहले बढ़ जाती है पतंगबाजी
मकर संक्रांति और 26 जनवरी से पहले शहर एवं देश के अन्य हिस्सों में बड़े पैमाने पर पतंगबाजी होती है। इस दौरान पतंगों और धागों की बिक्री तेज हो जाती है। इसी भीड़ और मांग की आड़ में कुछ लोग चोरी-छिपे प्रतिबंधित चाइनीज मांझा भी बेचने लगते हैं, जो आमजन के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद हर साल इसके कारण गंभीर हादसे सामने आते हैं। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
चाइनीज मांझे से बरेली में हुए कई गंभीर हादसे
शहर में बीते महीनों में चाइनीज मांझे से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इसमें 16 अगस्त को किला क्षेत्र के कुंवरपुर मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय उदित नारायण घायल हुए थे। 24 अगस्त को मुरारपुर गांव निवासी मस्तफिज, 31 जुलाई को सुफीटोला मोड़ पर बाइक सवार युवक की गर्दन में मांझा फंसा, और घायल हो गया।26 जून को कुतुबखाना पुल पर छात्र बाइक समेत गिरा, गर्दन और हाथ घायल। 5 जून को पूर्व पार्षद सूर्य प्रकाश गुप्ता की गर्दन कटने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी तरह से तमाम राहगीर घायल हो चुके हैं।
पुलिस ने की यह अपील
इस मामले में पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चाइनीज मांझा न खरीदें और न ही इस्तेमाल करें। यदि कहीं इसकी बिक्री की सूचना मिले, तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
