लखनऊ : राजधानी लखनऊ में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े उत्साह और प्रेरणादायी माहौल में मनाया गया। इस मौके पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में “युवा प्रतिभा सम्मान एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा देश और प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान चलाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा नाश का कारण है और इसके कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। युवाओं से अपील की गई कि वे गांव और ब्लॉक स्तर पर नशे के खिलाफ अभियान चलाएं और माफियाओं की गोपनीय जानकारी प्रशासन को दें।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब न कर्फ्यू है, न दंगे हैं, बल्कि “सब चंगा” है। प्रदेश में पर्यटन, उद्योग और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। अब न सिफारिश चलती है और न ही युवाओं के भविष्य से कोई खिलवाड़ कर सकता है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने दुनिया को भारत की वास्तविक शक्ति का परिचय कराया था। शिकागो धर्म सम्मेलन में उन्होंने भारत की संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक मंच पर स्थापित किया। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों को पढ़ने, समझने और आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा केवल अंक और मार्कशीट के पीछे न भागें, बल्कि अपनी प्रतिभा को पहचानें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
युवा कल्याण एवं खेल मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस युवाओं के लिए संकल्प और प्रेरणा का दिन है। स्वामी विवेकानंद का “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। सरकार युवाओं के खेल, कौशल विकास और सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से बने पांच बहुउद्देश्यीय हाल का लोकार्पण किया, साथ ही तीन ग्रामीण स्टेडियम का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए युवाओं से चेक डैम, अमृत सरोवर और पुराने जल स्रोतों के संरक्षण में भागीदारी करने की अपील की। सीएम ने कहा कि आगामी वन महोत्सव में प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें युवा और महिला समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने परिवार और समाज को भी वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र, खिलाड़ी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे आयोजन में स्वामी विवेकानंद के विचारों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को केंद्र में रखा गया।
