बरेली: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन के मौके पर जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मीडिया से बातचीत में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी अगले 100 दिनों में प्रदेशभर में कई अहम राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रम करने जा रही है। इनमें संविधान संवाद महापंचायत, मनरेगा बचाओ अभियान, एसआईआर से जुड़े कार्यक्रम, पंचायत चुनाव की तैयारी, सेवा और बलिदान के 140 वर्ष, एमएलसी चुनाव और संगठन सृजन अभियान शामिल हैं।
24 जनवरी से संविधान संवाद की शुरुआत
मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले कई वर्षों से संविधान की रक्षा को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेशभर में 30 से अधिक संविधान संवाद महापंचायतें आयोजित की जाएंगी। इसकी शुरुआत 24 जनवरी को सीतापुर से होगी। इसके बाद लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ समेत अन्य जिलों में बड़े कार्यक्रम होंगे, जिनके जरिए भाजपा सरकार की नीतियों और विफलताओं को जनता के सामने रखा जाएगा।
पंचायत चुनाव में अकेले उतरेगी कांग्रेस
उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह तैयार है। संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश में करीब 9 हजार मंडलों का गठन किया जा चुका है और लगभग 1 लाख 50 हजार बूथ अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। कांग्रेस पंचायत चुनाव में पूरी ताकत के साथ और अकेले मैदान में उतरेगी।
मनरेगा और जनहित योजनाओं को लेकर आंदोलन
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. के. बी. त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस अब सड़कों पर उतरकर संघर्ष करती नजर आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस शासन के दौरान शुरू की गई जनहित की योजनाओं को खत्म कर रही है। उन्होंने मनरेगा का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीबों, महिलाओं और पंचायतों को सशक्त करने में अहम रही है।
रामाबाई अंबेडकर मैदान में होगी बड़ी महारैली
डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि संविधान संवाद महापंचायतों के बाद राजधानी लखनऊ के रामाबाई अंबेडकर मैदान में एक बड़ी महारैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी स्नातक और शिक्षक विधान परिषद चुनावों में भी कांग्रेस पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी।
कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमप्रकाश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कृष्णकांत शर्मा, पीसीसी सदस्य राज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष जिया उर रहमान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
